नगराम।लखनऊ, नगराम थाना क्षेत्र के अचलीखेड़ा बैराज के पास इंदिरा नहर में शनिवार को करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर में शव दिखाई देने पर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगराम और गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नहर में उतराते शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह के समय कुछ लोग नहर के किनारे से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही लोगों ने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है ताकि युवक की पहचान हो सके।नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि नहर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं युवक की पहचान न होने के कारण पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
