लखनऊ। निगोहां गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में रविवार से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल है।रविवार सुबह हनुमान मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर शामिल होंगे। यह यात्रा हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर निगोहां कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए भँवरेश्वर महादेव मंदिर तक जाएगी, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी।
आयोजक कृष्ण प्रकाश शुक्ला एवं हरि प्रकाश शुक्ला ने बताया कि हनुमान मंदिर पर आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में देश के विख्यात कथा वाचक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान वाराणसी से आचार्य दुर्गेश अवस्थी रत्न विशेषज्ञ अयोध्या से शंकराचार्य नारायणा नंद स्वामी तथा आचार्य परमहंस पधारेंगे और अपनी वाणी से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।उन्होंने बताया कि कथा प्रतिदिन विधि-विधान के साथ आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सात दिवसीय कथा के समापन के बाद 16 मार्च को प्रसाद वितरण के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया गया है।
