मोहनलालगंज, लखनऊ।रायबरेली जनपद के एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार के साथ जमीन विवाद को लेकर दर्ज हो रहे लगातार मुकदमों से आहत किसान नेता अनमोल तिवारी ने सपरिवार आत्मदाह करने की चेतावनी देकर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले को लेकर उनके समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के किसानों में भी भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।अनमोल तिवारी का आरोप है कि रायबरेली के सत्ता पक्ष के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह के छोटे भाई और पूर्व विधायक राकेश प्रताप सिंह द्वारा उनके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। इससे वह और उनका परिवार मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया है।किसान नेता का कहना है कि जमीन के एक लेन-देन के मामले में उन्होंने पहले ली गई पूरी धनराशि वापस कर दी थी। इसके बावजूद उसी मामले को आधार बनाकर बार-बार अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि मामला समाप्त होने के बाद भी उनसे करीब एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि जबरन मांगी जा रही है।अनमोल तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, उस पर रखी उनकी ईंटें भी स्थानीय विधायक से जुड़े लोगों द्वारा उठवा ली गईं। इस घटना के बाद से उनका परिवार भय और तनाव के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।इस पूरे प्रकरण को लेकर किसान नेता के समर्थकों और शुभचिंतकों में भी गहरी नाराजगी व्याप्त है। क्षेत्र के कई लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। समर्थकों का कहना है कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में बड़ा जन आंदोलन भी खड़ा हो सकता है।अनमोल तिवारी ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, सुरक्षा प्रदान करने और न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और लगातार हो रहा उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो वह अपने परिवार के साथ आत्मदाह करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित लोगों और प्रशासन की होगी।
