लखनऊ। संवाददाता
नवरात्रि व ईद पर्व के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा जोन दक्षिणी में संभ्रांत व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों व विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी से अपील की कि त्योहारों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा न करने की हिदायत दी गई।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसमें आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करते हुए त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।
