मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज तहसील
क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन के खेल पर गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सख्त संदेश दिया। मोहनलालगंज के एसडीएम पवन पटेल और जिला खनन अधिकारी की संयुक्त टीम ने नगराम थाना क्षेत्र के भौरा खुर्द गांव में छापेमारी कर अवैध मिट्टी खनन का भंडाफोड़ किया।मिली जानकारी के अनुसार भौरा खुर्द गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर नियमों को दरकिनार कर लगातार मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर इसकी शिकायतें काफी समय से मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।गुरुवार को जैसे ही एसडीएम पवन पटेल के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची, वहां अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान मौके पर अवैध रूप से खनन कार्य होता पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन और दो डंपरों को जब्त कर सीज कर दिया।एसडीएम पवन पटेल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति या निर्धारित क्षेत्र से बाहर खनन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों को नगराम पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत करते हुए नियमित निगरानी की मांग की है।
