नगराम।लखनऊ, नगराम क्षेत्र में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ठगों ने फोन कॉल के जरिए एक युवक को अपने जाल में फंसाकर उससे ₹77,900 की रकम ठग ली। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन से लेकर साइबर सेल तक शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अभी तक उसकी रकम वापस नहीं हो सकी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगराम थाना क्षेत्र के जमालपुर निवासी विजय कुमार के मोबाइल पर 02 जनवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को रिश्तेदारी का बताकर बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने किसी जरूरी काम का हवाला देते हुए ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया।ठग ने बातचीत के दौरान ऐसी परिस्थितियां पैदा कीं कि विजय कुमार उसकी बातों में आ गया और अलग-अलग किस्तों में कुल पांच बार में ₹77,900 की रकम ट्रांसफर कर दी। पैसे भेजने के कुछ ही देर बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद वह थाना नगराम पहुंचा, जहां से उसे साइबर क्राइम सेल भेज दिया गया। अगले दिन पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल, लखनऊ में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।इस संबंध में थाना नगराम के थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित के प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
