पीजीआई।लखनऊ, पीजीआई थाना क्षेत्र के अमोल गांव में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां एक गरीब परिवार की छह बकरियां रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। पीड़ित ने इस मामले में एक निजी कंपनी के ठेकेदार पर धमकी देने का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस पर भी शुरुआत में लापरवाही बरतने की बात कही गई है।अमोल गांव निवासी रामसुमेर पुत्र मोहन के अनुसार, उनकी ग्यारह बकरियां घर के बाहर बंधी हुई थीं। बीते गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने इनमें से छह बकरियां चोरी कर लीं। सुबह जब परिवार की नजर पड़ी तो बकरियां गायब थीं। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि पास स्थित ओमेक्स सिटी कंपनी के ठेकेदार मनोज पाण्डेय पहले भी कई बार धमकी दे चुका था। उसने बकरियों को कंपनी क्षेत्र से दूर रखने की चेतावनी दी थी और कहा था कि ऐसा न करने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा। परिवार का कहना है कि उसी धमकी के बाद यह घटना हुई है।पीड़ित परिवार ने कल्ली पश्चिम चौकी में लिखित शिकायत दी, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उन्हें ही धमकाया गया। इस रवैए से परिवार में नाराजगी बनी हुई है।हालांकि, इस मामले में पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।गांव के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। अब सबकी नजर पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हुई है।
