अमेठी।Sanjay Singh ने जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात एक चिकित्साधिकारी को हटाने की मांग उठाकर स्वास्थ्य विभाग में हलचल मचा दी है। सांसद ने इस संबंध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को पत्र भेजते हुए आरोप लगाया है कि संबंधित डॉक्टर पिछले 12 वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं, जो सरकार की स्थानांतरण नीति का उल्लंघन है।पत्र में डॉ. संजय कुमार पर नियम विरुद्ध तैनाती के साथ-साथ भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सांसद ने कहा कि लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है, जबकि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम करने का दावा करती है।सांसद ने यह भी बताया कि इस मुद्दे की शिकायत पहले भी संबंधित विभागों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे जनस्वास्थ्य सेवाओं की पारदर्शिता के लिए नुकसानदायक बताया।उन्होंने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित चिकित्साधिकारी के स्थानांतरण और आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
