इन्हौना, अमेठी।तहसील तिलोई के सिंहपुर ब्लॉक अंतर्गत सढ़िया ग्राम सभा के पूरे भाऊदास गांव में स्थित बाबा भाऊदास मंदिर परिसर एक बार फिर भक्ति और आस्था के रंग में रंगने जा रहा है। हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भगवान श्रीराम की अमृतमयी, मंगलमयी और कल्याणकारी कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन सुनिश्चित किया गया है।इस पावन अवसर पर कथा का रसपान परम पूज्य पंडित दीपक शुक्ला जी महाराज द्वारा कराया जाएगा, जिनका शुभ आगमन बाबा भाऊदास की पावन धरा पर होने जा रहा है। कथा का विधिवत शुभारंभ 1 अप्रैल से होगा, लेकिन उससे पूर्व गांव में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जब विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।कलश यात्रा को लेकर ग्रामवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन को भव्यता प्रदान करें। श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे कलश यात्रा में सम्मिलित होकर इसे ऐतिहासिक और दिव्य स्वरूप दें तथा कथा पंडाल में पहुंचकर भगवान श्रीराम की कथा श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाएं।उल्लेखनीय है कि इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत स्वयं पंडित दीपक शुक्ला जी द्वारा लगभग 7 वर्ष पूर्व की गई थी, जो आज भी निरंतर जारी है। ग्रामवासियों की सामूहिक सहभागिता से आयोजित यह कथा क्षेत्र में आस्था और एकता का प्रतीक बन चुकी है।
