निगोहां, लखनऊ, निगोहां गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगोहां गांव निवासी सब्जी विक्रेता राजू की पत्नी रानी सुबह अपने घर की छत पर मटर सुखाने के लिए गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे आ गिरीं। गिरने से उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं।हादसे के तुरंत बाद परिजन घबराकर उन्हें आनन-फानन में मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतका रानी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है, जबकि दो बेटे—पवन कुमार और सुरेंद्र कुमार भी विवाहित हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ग्रामीणों के अनुसार, रानी बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव की महिला थीं। वह परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाती थीं और गांव में भी उनकी अच्छी पहचान थी। उनके आकस्मिक निधन से गांव के लोग स्तब्ध हैं और हर कोई शोक व्यक्त कर रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा बेहद दुखद है और घरों में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
