नगराम, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र के घोड़सारा गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा इन दिनों पूरे इलाके में आस्था और भक्ति का केंद्र बनी हुई है। कथा के पांचवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब कथा वाचक श्रीकृष्णानंद मृदुल जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं में माखन चोरी का प्रसंग भव्य झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। मनमोहक झांकियों और मधुर कथा वाचन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरा कथा पंडाल जय श्रीकृष्ण व हरि नाम के जयकारों से गूंज उठा।
इस पावन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अमरेन्द्र भारद्वाज अपने दर्जनों समर्थकों के साथ कथा प्रांगण पहुंचे और श्रद्धा भाव से कथा श्रवण कर महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। आयोजकों व ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कथा के मुख्य आयोजक विमल वर्मा द्वारा प्रतिदिन श्रद्धालुओं और अतिथियों का सम्मान किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और श्रद्धा का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। घोड़सारा गांव में चल रही इस श्रीमद्भागवत कथा में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। कार्यक्रम में पवन वर्मा (पी जे ग्रुप — पवन कंबल हाउस, पवन वस्त्रालय, पवन जनरल स्टोर, पवन ज्वैलर्स, गोसाईगंज लखनऊ) सहित समस्त ग्रामवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और कथा का लाभ उठाया। घोड़सारा की यह श्रीमद्भागवत कथा पूरे नगराम क्षेत्र में धार्मिक चेतना, आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का संदेश दे रही है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है और भक्ति का माहौल चरम पर है
