निगोहां। लखनऊ,निगोहां थाना क्षेत्र के कांटा करौंदी गांव में सोमवार को एक महिला को पड़ोसी के घरेलू विवाद में हस्तक्षेप करना भारी पड़ गया। पति द्वारा पत्नी की पिटाई से बचाने गई पड़ोसी महिला पर आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी यमुनादेई पत्नी स्वर्गीय मोतीलाल ने बताया कि सोमवार को उनके पड़ोसी दिनेश अपनी पत्नी सलोनी के साथ मारपीट कर रहा था। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब यमुनादेई उसे बचाने के लिए पहुंचीं, तो आरोपी दिनेश ने अपने भाई बबलू के साथ मिलकर उन पर हमला बोल दिया।आरोप है कि दोनों भाइयों ने यमुनादेई पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना पर परिजन घायल महिला को लेकर निगोहां थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें पकड़कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
