मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के जबरौली गांव में छेड़खानी के विरोध के बाद दबंगों द्वारा किए गए खूनी हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस हमले में एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद कनकहा पुलिस चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती शाम गांव की एक युवती खेत से घर लौट रही थी, तभी गांव के ही एक युवक ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी की। युवती द्वारा विरोध करने और घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी देने के बाद मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी पक्ष ने शाम करीब 6 बजे पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया।मिली जानकारी के मुताबिक हमलावर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने घर में घुसकर परिवार के लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान घर में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे। हमले में परिवार के कई सदस्य लहूलुहान हो गए।पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं, जिससे परिवार के लोग दहशत में हैं। घटना के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उनके ही एक सदस्य को हिरासत में ले लिया, जबकि आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।स्थानीय लोगों में भी पुलिस की इस कार्यशैली को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। मामला जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब पुलिस महकमे में हलचल मची और उच्च अधिकारियों ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया। इसके बाद मामले की जांच तेज किए जाने की बात कही जा रही है।पीड़िता ने मोहनलालगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस गंभीर मामले में आरोपियों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।
