मोहनलालगंज, लखनऊ। शनिवार को तहसील समाधान दिवस में एक बार फिर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मुद्दा गरमाता नजर आया। मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के गढ़ी मेंहदौली गांव में सरकारी ऊसर भूमि पर कथित रूप से अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है, जिसे लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।ग्राम पंचायत सदस्य वार्ड-12 राजेन्द्र राज रावत ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि गांव की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से चर्च का निर्माण कर लिया गया है। शिकायत में उन्होंने भूमि का पूरा विवरण देते हुए बताया कि गढ़ी मेंहदौली गांव में स्थित सरकारी खाते की ऊसर भूमि।खसरा संख्या 1371ख मि रकबा 0.4800 हेक्टेयर एवं गाटा संख्या 1623 रकबा 3.7060 हेक्टेयर पर यह निर्माण किया गया है।शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अवैध कब्जा पाया जाए तो नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भूमि पर इस तरह का निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि भविष्य में विवाद की स्थिति भी उत्पन्न कर सकता है।राजेन्द्र राज रावत के अनुसार, इस मामले में वह पहले भी बीते 21मार्च को शिकायत दर्ज करा चुके हैं। उस समय राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया था, लेकिन आसपास खेतों में खड़ी फसल होने के कारण तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी।एक बार फिर शिकायत दर्ज कराते हुए उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके का निरीक्षण कराया जाए और सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।इस संबंध में समाधान दिवस अधिकारी तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व टीम द्वारा मौके पर जाकर स्थिति का सत्यापन कराया जाएगा। यदि जांच में अवैध कब्जा या निर्माण की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को मुक्त कराया जाएगा।
