नगराम।लखनऊ,नगराम थाना क्षेत्र के समेसी इलाके में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां टीन शेड का निर्माण कर रहे एक वेल्डिंग कारीगर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समेसी निवासी लगभग 35 वर्षीय मनोज पेशे से वेल्डिंग कारीगर है। रविवार को वह समेसी स्थित राजेश वर्मा उर्फ मुन्ना के फार्म हाउस पर टीन शेड बनाने का काम कर रहा था। काम के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में लोहे का एंगल आ गया, जिससे तेज करंट प्रवाहित हुआ और मनोज उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि करंट लगने के बाद मनोज को जोरदार झटका लगा और वह नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। फार्म हाउस मालिक राजेश वर्मा और ग्राम प्रधान अशोक कुमार रावत ने तत्परता दिखाते हुए घायल मनोज को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया।हालत गंभीर देखते हुए परिजन उसे वहां से एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, मनोज को गंभीर जलन के कारण गहन निगरानी में रखा गया है।घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, खासकर हाईटेंशन लाइनों के नीचे निर्माण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
