मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में जेसीबी मशीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला जानकारी में आया है। पीड़ित सैनजीत सिंह पुत्र मरयाद सिंह, निवासी नियर हाइडिल जनकपुरी सरोजनीनगर ने आरोप लगाया है कि ऑटोमोबाइल एजेंसी के मालिक ने उनसे कुल बीस लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी की और अब संपर्क से बाहर हो गया है।पीड़ित के अनुसार, उन्होंने ओम गिरिजा पति ऑटो मोबाइल्स प्रा. लि., मोहनलालगंज रायबरेली रोड स्थित एजेंसी के मालिक ओम प्रकाश पाण्डेय को जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने के लिए चरणबद्ध तरीके से भुगतान किया। तहरीर के मुताबिक
बीते आठ अगस्त 2025 को भारतीय स्टेट बैंक सैनिक स्कूल सरोजनीनगर शाखा के खाते से आर टी जीएस के माध्यम से सोलह लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 14 अगस्त 2025 को बैंक ऑफ बड़ौदा सरोजनीनगर शाखा के खाते से चार लाख रुपये और भेजे गए। इस तरह कुल बीस लाख रुपये आरोपी को दिए गए।आरोप है कि भुगतान के बाद भी आरोपी लगातार जेसीबी उपलब्ध न होने का बहाना बनाकर टालमटोल करता रहा। पीड़ित का कहना है कि बीते शुक्रवार को आरोपी ने पूरी रकम वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है और वह संपर्क से बाहर है।मामले में पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला संज्ञान में लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है, और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
