नगराम, लखनऊ।नगराम थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे टब में डूबने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ा गांव के टेढ़िया मोहल्ला निवासी मजदूर सोनू रावत की सबसे छोटी बेटी दो वर्षीय तान्या रविवार सुबह करीब आठ बजे घर के बाथरूम में खेलते-खेलते पानी से भरे टब के पास पहुंच गई। उस समय घर के अन्य सदस्य बरामदे में बैठकर चाय पी रहे थे, जबकि बच्ची की मां रसोई में काम कर रही थी।जानकारी के मुताबिक बच्ची खेलते समय तान्या टब में रखे गिलास को धोने लगी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह मुंह के बल पानी से भरे टब में गिर गई और डूब गई। कुछ देर तक किसी को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी।काफी समय बीतने के बाद जब बच्ची नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाथरूम में पहुंचने पर तान्या को टब में अचेत अवस्था में पाया गया। परिजन तत्काल उसे लेकर नगराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक बच्ची के पिता सोनू रावत ने बताया कि उनके दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी तीन वर्षीय आन्या और छोटी दो वर्षीय तान्या थी। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां का विलाप सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि इतनी छोटी बच्ची की इस तरह असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चों को पानी से भरे किसी भी बर्तन या टब के पास अकेला नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि थोड़ी सी असावधानी भी इस तरह के दर्दनाक हादसों को जन्म दे सकती है।
