मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली
क्षेत्र के बक्खा खेड़ा गांव में पड़ोस में रहने वाले ऑटो चालक ने पुरानी रंजिश के चलते नौ वर्षीय मासूम को घुमाने के बहाने बैठा कर चलती ऑटो से धक्का दे दिया जिससे मासूम घायल हो गया। वही परिजनों ने मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर देकर विधिक कार्यवाही की मांग की है। मिली जानकारी के मुताबिक राजू पुत्र स्व. लक्ष्मी नारायण निवासी बक्खा खेड़ा ने बताया कि गांव के ही राकेश कुमार का पुत्र विकास गांव में किसी अन्य का ऑटो रिक्शा चलाता है। आरोप है कि विकास ने गांव के कुछ लड़कों के साथ मेरे।नौ वर्षीय आर्यन को भी घुमाने के बहाने ऑटो में बैठा लिया।पीड़ित का आरोप है कि पहले से चली आ रही रंजिश के चलते आरोपी ने चलती ऑटो से आर्यन को धक्का दे दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के विरोध पर आरोपी विकास और उसकी पत्नी लक्ष्मी ने गाली-गलौज करते हुए झगड़े पर आमादा हो गए और जान से मारने की धमकी भी दी। वही मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। घायल बालक का इलाज कराया जा रहा है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
