मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के कुढ़ा गांव निवासी एक युवक अपनी बहन को ससुराल छोड़ने गया था, जहां दबंगों ने रास्ते में रोककर दोनों भाई-बहन की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुढ़ा गांव निवासी सौरभ यादव अपनी बहन अनामिका यादव को उसके ससुराल बक्खा खेड़ा मऊ छोड़ने गया था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही बिनीत यादव और उसके भाई कपिल यादव पुत्र फुलचंद्र यादव ने रास्ते में दोनों को रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उस पर और उसकी बहन पर हमला कर दिया। दबंगों ने लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए उन्हें घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहनलालगंज कोतवाली प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
