निगोहां।लखनऊ, निगोहां कस्बे में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
निगोहां पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की देर रात निगोहां कस्बे में चौरसिया ढाबा के पास बाइक यू पी 32 एम एफ 0838 को पीछे से आ रहे किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे में बाइक चला रहे।30 वर्षीय मुकेश पुत्र चेतराम निवासी थाना नगराम को हल्की चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे 45 वर्षीय राकेश पुत्र पूर्णमासी निवासी करणपुर निगोहां गंभीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया।अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि देर रात अज्ञात चार पहिया वाहन द्वारा बाइक में टक्कर मारने की सूचना मिली थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
