निगोहां, लखनऊ। मोहनलालगंज विकास खण्ड के मस्तीपुर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। यहां जूनियर हाई स्कूल एवं हाई स्कूल के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों ने मिलकर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान जूनियर हाई स्कूल की प्रधानाचार्य किरण यादव, प्रधानाचार्य संजीव दीक्षित, शिक्षिका शशि, जयपुरिया स्कूल की अध्यापक प्रांशी तिवारी, ग्राम प्रधान सूर्यकुमार द्विवेदी सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।इस अवसर पर प्रधानाचार्य किरण यादव ने कहा कि “पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं, इनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। हमें अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को संतुलित रखना होगा।” वहीं संजीव दीक्षित ने बच्चों को पौधों की देखभाल करने और नियमित रूप से उनकी सुरक्षा का संकल्प दिलाया।
ग्राम प्रधान सूर्यकुमार द्विवेदी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में हरित वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह का माहौल रहा और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
