मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में बीती रात एक फल विक्रेता पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों द्वारा ईट पत्थरों से हमला कर लहूलुहान कर दिया।हमले में घायल फल विक्रेता ने अपने पड़ोसियों पर रंजिश के चलते हमला कराने का आरोप लगाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बक्खाखेड़ा मऊ निवासी 55वर्षीय मो0 आजम।बीते बुधवार की देर शाम अपना फल का ठेला लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अतरौली मोड़ के पास पहुंचे, तभी दो अज्ञात बाइक सवार युवक अचानक वहां पहुंचे और उन पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर से खून बहने लगा।घटना के दौरान हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उठाकर पहले मोहनलालगंज कोतवाली ले गए, जहां घटना की सूचना दी गई, इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।घायल फल विक्रेता मोहम्मद आजम ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी रविन्द्र श्रीवास्तव व उनके पुत्र वत्सल श्रीवास्तव तथा दूसरे बेटे सनी से पुरानी रंजिश चल रही है। बताया कि बीते मार्च माह में उनके पुत्र के साथ इन लोगों का विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत भी कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। पीड़ित का कहना है कि उसी रंजिश के चलते इन लोगों द्वारा हमला कराया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रविन्द्र श्रीवास्तव अक्सर उनके घर के आसपास कमर में पिस्टल लगाकर घूमते देखे गए हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।
इस पूरे मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
