मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कल्ली पूरब गाँव में बीते मंगलवार की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले राजगीर मिस्त्री बब्लू गौतम के मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इससे मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।परिजनों का आरोप है कि मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण ही बब्लू ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, पत्नी के साथ आए दिन होने वाले विवाद और झगड़ों से मृतक काफी परेशान रहता था और इसी घरेलू कलह के चलते वह मानसिक रूप से तनाव में था। परिजनों ने मांग रखी कि जब तक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए पीएसी बल भी तैनात किया गया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद ग्राम प्रधान रामखेलावन रावत ने बड़ी मुश्किल से परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसके कथित प्रेमी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक बब्लू गौतम पेशे से राजगीर मिस्त्री था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।गांव में इस घटना को लेकर शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
