मोहनलालगंज, लखनऊ।बुधवार दोपहर बाद मोहनलालगंज, निगोहां और नगराम क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट बदल ली और तेज आंधी, मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कुछ ही मिनटों में आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ शुरू हुआ तूफान देखते ही देखते विकराल रूप ले गया। इस अचानक आई आपदा से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए बाजारों में दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों में शटर गिराकर अंदर छिप गए, जबकि सड़कों पर चल रहे लोग सुरक्षित स्थान की तलाश करते दिखे। तेज हवाओं के कारण कई घरों के टीनशेड उड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि ने फसलों और खुले में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया।निगोहां निवासी जफर आलम के घर के ऊपर लगी टीनशेड तेज हवा में उड़ गई, वहीं पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। मोहनलालगंज के चाय विक्रेता गोलू विश्वकर्मा ने बताया कि तेज आंधी के चलते उनकी दुकान का काफी सामान उड़ गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि तूफान इतना अचानक आया कि संभलने का मौका ही नहीं मिला।आंधी के दौरान निगोहां और नगराम क्षेत्र में कई जगह नीम, आम और महुए के बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए। गनीमत रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि नुकसान काफी व्यापक बताया जा रहा है।
विवाह समारोह में मचा हड़कंप…….
निगोहां के गोडियन खेड़ा गांव में वंशीलाल की बेटी शीलू की बुधवार शाम को बारात आनी है, लेकिन दोपहर में आई तेज आंधी और बारिश ने शादी की तैयारियों पर पानी फेर दिया। समारोह के लिए लगाया गया टेंट तेज हवा में उड़कर क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं तैयार हो रहे व्यंजन भी खराब हो गए। इस स्थिति में परिवार के लोग काफी परेशान नजर आए। बाद में ग्रामीणों ने एकजुट होकर दोबारा टेंट खड़ा कराने और अन्य व्यवस्थाएं संभालने में सहयोग किया।निगोहां-नगराम मार्ग पर तेज हवाओं के चलते हाईटेंशन लाइन का खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। मार्ग बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर खतरे की स्थिति को देखते हुए लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।बिजली विभाग के जेई आशीष ने बताया कि टीम को मौके पर भेज दिया गया है और गिरे हुए खंभे को हटाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।अचानक आए इस तूफान ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है।कुल मिलाकर, कुछ ही देर की आंधी-तूफान ने मोहनलालगंज क्षेत्र में भारी तबाही का मंजर छोड़ दिया, जिससे आम जनमानस को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ी।
