मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और गर्भवती होने पर पीड़िता का गर्भपात कराने के गंभीर आरोप में एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के एक गाँव की रहने वाली युवती ने बीते सोमवार को मोहनलालगंज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि डेहवा गाँव निवासी आरोपी अभिषेक गौतम ने बीते 16 अगस्त 2025 को उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ उत्तराखंड ले गया। वहां आरोपी ने किराए के कमरे में उसे करीब तीन महीने तक अपने साथ रखा और इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता के अनुसार, इस दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी की बात कही, तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया और बाद में उसे उसके घर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी पुलिस ने पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत जुटाए। वही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोहनलालगंज पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी क्रम में बुधवार सुबह पुलिस ने ज्योतिनगर तिराहा से आरोपी बीस वर्षीय अभिषेक गौतम को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।एसीपी विकास पांडेय के मुताबिक महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है और महिला अपराधों पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है।
