निगोहां, लखनऊ। भाजपा निगोहां मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुधवार को आयोजित की गई, जिसमें आगामी नारी शक्ति सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय कुमार मौर्य एवं मंडल अध्यक्ष ललित सिंह ने संयुक्त रूप से की।बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार नारी शक्ति सम्मेलन को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में महिला सशक्तिकरण को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को पार्टी की नीतियों और योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन विस्तार, बूथ सुदृढ़ीकरण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि यह सम्मेलन क्षेत्र में एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए हर कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ जुटेगा। बैठक के अंत में सभी ने “नारी शक्ति, देश की शक्ति” का संकल्प दोहराते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर महामंत्री नवीन मिश्रा, शक्ति केंद्र संयोजक प्रभाकर सिंह, उपाध्यक्ष सज्जन सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक अरुण वर्मा, उपाध्यक्ष विजय शर्मा, शक्ति केंद्र संयोजक राजिंद्र मौर्य, अनिल दीक्षित, हरिप्रताप सिंह, मंडल मंत्री रामसनेही, जिला प्रतिनिधि दिनेश सैनी, शक्ति केंद्र संयोजक दिनेश कुशवाहा, सदस्य विशाल बाजपेई सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
