हल्की बारिश में जलभराव, सिसेंडी में सीसी सड़क के निर्माण पर उठे बड़े सवाल…..
शिवाला वाली गली से रानी बाजार तक बनी सड़क में दरारें, सतह उखड़ी ग्रामीणों का आरोप, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा विकास कार्य…….
मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज विकास खण्ड क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शिवाला वाली गली से रानी बाजार तक लगभग बीस लाख रुपये की लागत से बनाई गई सीसी सड़क महज पन्द्रह दिन के भीतर ही बदहाल हो गई। हल्की बारिश ने ही सड़क की गुणवत्ता की पोल खोल दी पूरी सड़क जलमग्न हो गई, कई जगह दरारें पड़ गईं और सतह उखड़ने लगी है।कस्बा वासियों के लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू से ही मानकों की अनदेखी कर किया गया। सड़क को आवश्यक ऊंचाई नहीं दी गई और जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन, जिस समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क बनाई गई थी, वही समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। पहले की तरह अब भी हल्की बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।ग्रामीणों ने खुलकर आरोप लगाया है कि यह सड़क निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। उनका कहना है कि कागजों में पूरा बजट खर्च दिखाया गया, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद खराब है। लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और गुणवत्ता की निगरानी भी नहीं की गई।जानकारी के मुताबिक यह सड़क मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश बिंदेश्वरी की निधि से स्वीकृत हुई थी। ऐसे में स्थानीय जनता अब सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठा रही है कि आखिर इतने बड़े बजट के बावजूद इतनी घटिया सड़क कैसे बन गई।क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदारों व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में भी इस तरह के भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामले सामने आते रहेंगे।फिलहाल यह सड़क पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
