मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज कस्बे में एक निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट में गाय गिरने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गाय अचानक खुले पड़े बेसमेंट में जा गिरी और काफी देर तक बाहर नहीं निकल पाई, जिससे स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज अतुल सिंह व एसआई परेवज आलम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल नगर पंचायत को सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।कुछ ही देर में नगर पंचायत मोहनलालगंज की टीम मौके पर पहुंची। सुपरवाइजर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान सावधानी बरती गई ताकि गाय को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेसमेंट खुला होने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।पुलिस व नगर पंचायत की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और गाय को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
