निगोहा।लखनऊ,निगोहा थाना क्षेत्र के शेरपुर लवल गांव में मंगलवार को एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शेरपुर लवल गांव निवासी 18 वर्षीय शालू रावत ने गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना करीब दो बजे पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना निगोहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मौके पर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच की जा रही है।परिजनों की मानें तो मृतका पांच बहनों और दो भाइयों में पांचवें नंबर पर थी। चार बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उससे छोटे दो भाई हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से कुछ समय पहले छोटे भाई ने शालू के पास एक छोटा कीपैड मोबाइल फोन देखा था, जिसे उसने पिता को दे दिया। इस बात को लेकर शालू नाराज बताई जा रही थी।
पुलिस ने उक्त कीपैड फोन को भी कब्जे में ले लिया है और उससे जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों द्वारा किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
