मोहनलालगंज। लखनऊ, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के नेवलखेड़ा गांव में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर फैल गई।मोहनलालगंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब छह बजे मोहनलालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पुलिस को डेथ मेमो प्राप्त हुआ, जिसमें सूचना दी गई कि नेवलखेड़ा निवासी रंजीत पुत्र मेवालाल की फांसी लगाने से मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।पुलिस जब सीएचसी मोहनलालगंज पहुंची तो वहां मृतक के परिजन मौजूद थे। परिजनों ने बताया कि रंजीत पिछले 2-3 दिनों से अस्वस्थ चल रहा था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। वह असामान्य व्यवहार कर रहा था। बीते बुधवार की देर रात जब परिवार के सभी लोग सो गए, उसी दौरान उसने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू मर्चरी हाउस भेज दिया है।थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों द्वारा किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
