मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘जन-आक्रोश महिला पदयात्रा’ ने पूरे इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी। मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकाली गई इस विशाल पदयात्रा में मातृशक्ति का उत्साह, एकजुटता और आक्रोश साफ तौर पर देखने को मिला।पदयात्रा का शुभारंभ ब्लॉक मुख्यालय से हुआ, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए फुलवरिया चौराहे तक पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारी सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा के माध्यम से उन राजनीतिक ताकतों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया, जिन्होंने नारी शक्ति वंदन विधेयक को लंबे समय तक लंबित रखा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे महिला विरोधी मानसिकता बताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
फुलवरिया मोड़ पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं का आक्रोश और भी तेज हो गया, जहां पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान को लेकर समाज को जागरूक करने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह यात्रा उसी संकल्प का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मंडल महामंत्री मदन मोहन मिश्रा व उत्तम कुमार, मंडल उपाध्यक्ष एडवोकेट शुभम सिंह, मंडल मंत्री मनोज रावत, विजय एवं विमलेश सहित मंडल महिला मोर्चा की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।पदयात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ी रही, जिससे माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे ताकि महिलाओं के अधिकारों को लेकर जागरूकता और अधिक बढ़ाई जा सके।
