निगोहां।लखनऊ, निगोहा क्षेत्र के रघुनाथ खेड़ा, नारायणपुरी स्थित एस.बी.एन. इंटर कॉलेज में मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉपर्स को मंच पर बुलाकर मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम मोहनलालगंज पवन पटेल शामिल हुए। कॉलेज प्रबंधक अमरेंद्र यादव, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया, जिससे मेधावियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम स्थल तालियों की गूंज से गूंजता रहा और अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।अपने संबोधन में एसडीएम पवन पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है, ऐसे में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर पढ़ाई बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपना लक्ष्य बड़ा रखें और उसे हासिल करने के लिए रोजाना समर्पण के साथ मेहनत करें। उन्होंने छात्रों से आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनकर देश सेवा करने का आह्वान किया।
कॉलेज प्रबंधक अमरेंद्र यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने सीमित संसाधनों के बावजूद शानदार प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान सम्मानित छात्रों ने अपने अनुभव भी साझा किए। टॉपर्स ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं कॉलेज के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण को दिया। कई छात्रों ने भविष्य में सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करने का लक्ष्य बताया।इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकार जय शुक्ला भी मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।
