कस्बे में हंगामे के बाद पुलिस ने छात्रों को कमरे से निकालकर चौकी पहुंचाया, घायल युवक सीएचसी रेफर…..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सिसेंडी में शुक्रवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक इंजीनियरिंग कॉलेज के बीटेक छात्र पर शराब के नशे में युवतियों पर छींटाकशी करने और विरोध करने पर स्थानीय युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना से नाराज लोगों ने छात्रों को घेर लिया, जिसके बाद छात्र भागकर किराए के कमरे में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को बाहर निकालकर चौकी ले गई, जबकि घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के कुछ बीटेक छात्र कस्बा सिसेंडी में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करते हैं। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके पास बाहर से एक छात्र मिलने आया था। आरोप है कि उक्त छात्र शराब के नशे में था और कस्बे से गुजर रही लड़कियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हुए छींटाकशी कर रहा था।कस्बा निवासी अजय ने जब इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी छात्र आगबबूला हो गया और उसने अजय के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि छात्र ने हाथ में पहने लोहे के कड़े से अजय के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने छात्रों को घेर लिया।स्थिति बिगड़ती देख आरोपी छात्र और उसके साथी मौके से भागकर किराए के कमरे में घुस गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद छात्रों को कमरे से बाहर निकालकर पुलिस चौकी ले आई। वहीं घायल अजय को इलाज के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया, जहां उसका उपचार किया गया।घटना के बाद कस्बे में देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बाहर से आकर रहने वाले कुछ छात्र आए दिन शराब पीकर हंगामा करते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने ऐसे छात्रों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मारपीट करने वाले छात्र हैं। मामले की जांच की जा रही है। घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। जांच के आधार पर छात्रों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
