हिरासत में लिए गए चार लोगों की रिहाई के बाद पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार, गांव में पीएसी तैनात…..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरा गांव के पास बीते मार्च माह में सड़क हादसे में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए चार लोगों को पहले छोड़ा जाए, उसके बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।ज्ञात हो कि मोहनलालगंज के उत्तरगांव निवासी 11 वर्षीय अर्पित बीते 31 मार्च को टिकरा गांव के पास सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल अर्पित को आनन-फानन ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार को उसकी मौत हो गई।किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पहले मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और बाद में गांव में शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान चार लोग हिरासत में……..
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मांगों को लेकर अड़े रहे। देर रात जाम लंबा होने पर पुलिस ने सड़क खाली कराई। इस दौरान सड़क पर प्रदर्शन कर रहे लोगों में से चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया था।शुक्रवार सुबह गांव में फिर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। मृतक किशोर के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से साफ कहा कि जब तक हिरासत में लिए गए चारों लोगों को नहीं छोड़ा जाएगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल के साथ पीएसी तैनात कर दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से लगातार वार्ता की। काफी देर चली बातचीत के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए चारों लोगों को छोड़ दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और पुलिस की मौजूदगी में किशोर का अंतिम संस्कार कराया गया।एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडे ने बताया कि सड़क हादसे में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हुई है। परिजनों की हर संभव मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा सड़क जाम कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था। बाद में परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई गई तथा पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।
