पीड़िता ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर हमला, ईंट-पत्थर चलाने और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप…….
मोहनलालगंज, लखनऊ।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के धनुवासांड गांव में बुधवार देर शाम पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि नशे में धुत एक युवक द्वारा शराब की बोतल छत पर फेंकने के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया। पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों पर घर पर हमला करने, महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया।धनुवासांड गांव निवासी विजय लक्ष्मी पत्नी पंकज सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बुधवार देर शाम पड़ोसी नन्दलाल पुत्र श्यामलाल नशे की हालत में उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहा था और उसने शराब की बोतल उनकी छत पर फेंक दी। उस समय परिवार के लोग छत पर मौजूद थे। आरोप है कि जब परिवार के लोगों ने नन्दलाल को समझाकर अपने घर जाने को कहा तो वह और अधिक उग्र हो गया।पीड़िता के मुताबिक कुछ ही देर बाद नन्दलाल अपने परिवार व अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंच गया। आरोप है कि नन्दलाल, उसकी पत्नी, बेटियां सोनाली व मोनी, बेटा निरंकार समेत नन्कई पत्नी विजय, मुनेश्वर, अन्ना पुत्र प्रहलाद, पप्पू पुत्र राम आसरे, दिनेश पुत्र राम नारायण, अनुज पुत्र बच्चू सहित कई महिला और पुरुष उनके दरवाजे पर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने घर पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए।पीड़िता ने बताया कि जब उनके पति पंकज सिंह बाहर निकलकर समझाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। पति को बचाने पहुंचीं बेटियां सालवी, सब्या, तन्नू, माही तथा अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावर देर रात तक घर के बाहर गाली-गलौज करते रहे और जान से मारने की धमकी देते रहे। घटना में पंकज सिंह को गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़िता द्वारा डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी आरोपी अभद्रता करते रहे।इस संबंध में मोहनलालगंज थाना प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
