पीजीआई। लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में जमीन और मकान पर कब्जे के विवाद को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम की रहने वाली एक महिला ने पड़ोसियों पर घर में घुसकर मारपीट करने, गला दबाने का प्रयास करने, सामान तोड़फोड़ करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस जांच में जुट गई है।पीड़िता लक्ष्मी पत्नी विपेश ने पीजीआई कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह लंबे समय से अपने परिवार के साथ उक्त मकान में रह रही हैं और वहीं अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। आरोप है कि बीते सोमवार को पड़ोस के कुछ लोगों ने उनके मकान और जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार को धमकाना शुरू कर दिया।महिला का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार परिवार को डराने-धमकाने में लगे रहे। पीड़िता के मुताबिक बीते गुरुवार की सुबह आरोपी बाबूलाल पुत्र राजाराम निवासी कल्ली पश्चिम अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा उनके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने महिला और उसके बच्चों के साथ मारपीट की तथा गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस दौरान घर में रखे जरूरी कागजात और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबंगों ने घर में तोड़फोड़ करने के बाद मकान पर ताला लगा दिया और पूरे परिवार को बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा घर के आसपास दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का कहना है कि घटना के दौरान घर में रखी नकदी भी गायब हो गई, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है।घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और घर के बाहर रहने को मजबूर हो गया है। महिला ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।मोहल्ले के लोगों के मुताबिक जमीन और मकान को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन अब मामला हिंसक रूप ले चुका है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।वहीं इस संबंध में पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। जैसे ही तहरीर प्राप्त होगी, मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
