निगोहां। लखनऊ,निगोहां थाना क्षेत्र के दखिना गांव में रविवार रात अज्ञात चोरों ने एक किसान का लगभग 56 हजार रुपये कीमत का भूंसा चोरी कर लिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब किसान खेत पहुंचा। पीड़ित ने मामले की तहरीर निगोहां थाने में दी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।दखिना गांव निवासी किसान प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव के बाहर खेतों के पास एक प्लाटिंग साइट के समीप उसका करीब पांच बीघे खेत का भूंसा रखा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 56 हजार रुपये है। रविवार रात अज्ञात चोर पिकअप वाहन लेकर पहुंचे और भूंसा लादकर मौके से फरार हो गए।सोमवार सुबह जब प्रदीप कुमार खेत पर पहुंचे तो भूंसा गायब देखकर उनके होश उड़ गए। आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक पिकअप वाहन में भूंसा ले जाते कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने निगोहां थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे किसानों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
