मोहनलालगंज, लखनऊ।ज्येष्ठ माह के प्रथम मंगलवार के पावन अवसर पर मोहनलालगंज क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कस्बे स्थित कालेबीर बाबा मंदिर परिसर में श्री बाला जी मंदिर पर भव्य धार्मिक आयोजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं सुंदरकांड पाठ से हुई। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से हनुमान जी की स्तुति करते हुए सुंदरकांड का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके उपरांत कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बालिकाओं को आदरपूर्वक भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
आयोजक अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि बीते 23 वर्षों से इस मंदिर में निरंतर भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जो अब क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। बाला जी समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अध्यक्ष हरगोविन्द मिश्रा, आयोजक अखिलेश द्विवेदी एवं मंदिर व्यवस्थापक देवेंद्र पांडे की अहम भूमिका रही। समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी-सब्जी, तहरी एवं शरबत की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिसे हजारों लोगों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।इसी क्रम में गौरव ज्वेलर्स प्रतिष्ठान द्वारा भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन एवं सुंदरकांड पाठ का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस आयोजन के मुख्य संयोजक वीरेंद्र पाण्डे रहे, जिनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए सेवा भाव से प्रसाद वितरण किया गया।कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपजिलाधिकारी पवन पटेल, एसीपी विकास पांडे, कृष्णानगर एसीपी रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी, निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी, कस्बा चौकी इंचार्ज अतुल सिंह, नगर पंचायत प्रतिनिधि डॉ. अजय पांडे, वरिष्ठ समाजसेवी अतुल शर्मा, सत्यम समेत क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।वहीं निगोहां प्रेस क्लब के अध्यक्ष विमल सिंह चौहान सहित अन्य पत्रकार साथियों ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर व्यवस्थाओं की सराहना की और इसे सामाजिक एकता व सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और सौहार्द का वातावरण बना रहा। समिति पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मोहनलालगंज की धरती पर धर्म, सेवा और सामाजिक समरसता की परंपरा आज भी पूरी मजबूती के साथ जीवित है।
