निगोहां। लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के अमिलिहा खेड़ा में तैनात एक सफाई कर्मी की सरकारी रिक्शा ठेलिया चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना से स्थानीय कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। पीड़ित सफाई कर्मी ने निगोहां थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार निगोहां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी आशीष त्रिपाठी वर्तमान में अमिलिहा खेड़ा में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि रोज की तरह वह कूड़ा उठाकर निर्धारित कूड़ा घर में फेंकने के बाद अपनी सरकारी रिक्शा ठेलिया खड़ी कर मोटर लॉक लगाकर ताला बंद कर दिया था।आशीष त्रिपाठी के मुताबिक, मंगलवार को शीतला मंदिर में बड़े मंगल के अवसर पर भंडारे का आयोजन था। इसी दौरान जब वह पुनः कूड़ा साफ करने के बाद अपनी रिक्शा ठेलिया लेने पहुंचे, तो देखा कि ठेलिया का ताला टूटा हुआ है और सरकारी रिक्शा ठेलिया मौके से गायब है।घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित सफाई कर्मी ने थाना अध्यक्ष निगोहां को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी निगोहां अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि सफाई कर्मी द्वारा दी गई तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है, आसपास के लोगों से पूछताछ और संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
