मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के हरिकंशगढ़ी गांव में जमीन से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पीड़ित रिषभ जैन पुत्र स्व. नरेंद्र कुमार जैन ने आरोप लगाया है कि पद्मजा इंफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर राजीव सिंह, संतोष सिंह व अन्य सहयोगियों ने मिलीभगत कर उनकी पैतृक भूमि को फर्जी तरीके से बेच दिया और खरीदारों को भी गुमराह किया।पीड़ित के अनुसार, उनकी जानकारी के बिना गाटा संख्या 222 स्थित कई प्लॉट—नं. 33, 43, 46, 47, 78 सहित अन्य कुल मिलाकर हजारों वर्गफुट जमीन की अवैध बिक्री कर दी गई। इतना ही नहीं, प्लॉट नंबर 74 व 74A कुल 1554 वर्गफुट भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने करीबी व्यक्ति के नाम कर दिए गए। पीड़ित रिषभ जैन ने बताया कि बीते 19 अक्टूबर 2025 को जब उन्होंने अपनी जमीन पर चल रहे अवैध निर्माण का विरोध किया, तो राजीव सिंह और संतोष सिंह मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।पीड़ित ने यह भी बताया कि उन्होंने बीते 16 जनवरी 2023 को गाटा संख्या 219 से गाटा संख्या 222 में 12,000 वर्गफुट जमीन की विधिवत अदला-बदली की थी, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों ने उनकी भूमि पर कब्जे की साजिश रची।मामले में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि गाटा संख्या 221 में पद्मजा इंफ्राबिल्ड द्वारा 12,800 वर्गफुट जमीन खरीदी गई थी, लेकिन आरोप है कि कंपनी ने 14,724 वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री कर दी, जो वास्तविक भूमि से 1,924 वर्गफुट अधिक है। वहीं, संतोष सिंह की फर्म “नेबरहुड्ज कोलोनाइजर्स” के पास गाटा संख्या 222 में लगभग 19,159 वर्गफुट जमीन होने के बावजूद करीब 24,780 वर्गफुट भूमि की रजिस्ट्री करने का आरोप है।पीड़ित का कहना है कि यह पूरा मामला संगठित भू-माफिया गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से किया गया है, जिसमें फर्जी रजिस्ट्री के जरिए न केवल उनकी जमीन हड़पी जा रही है बल्कि आम जनता को भी धोखा दिया जा रहा है। आरोप है कि रजिस्ट्री विभाग को भी गुमराह कर फर्जी विलेख तैयार कराए गए।पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में मोहनलालगंज इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में सामने आया यह मामला जमीन खरीदने-बेचने वालों के लिए भी बड़ा सबक है। फर्जी रजिस्ट्री और भू-माफियाओं के बढ़ते नेटवर्क पर प्रशासन की कार्रवाई अब देखने वाली होगी।
