निगोहां।लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के बक्स्तौरीखेड़ा गांव में भूमि कब्जे का विरोध करना एक युवक और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगों ने जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूसों से मारपीट कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्स्तौरीखेड़ा निवासी विकास (23) पुत्र स्व. राजाराम ने निगोहां थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बीते 1 मई को शाम करीब 5 बजे गांव के कौशल, विनोद, रंजीत और मनीष पुत्र बदलू उसकी भूमि पर जबरन कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने विकास के साथ-साथ उसकी पत्नी कोमल, भाभी रीमा पत्नी संगम और साले विजय बहादुर निवासी समेसी, थाना नगराम को भी गंदी-गंदी गालियां देते हुए बेरहमी से मारपीट की।पीड़ित के अनुसार हमले में कई लोगों को चोटें आई हैं, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पीड़ित ने थाना निगोहां पहुंचकर लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
