संवाददाता निगोहां
ज्येष्ठ माह के प्रथम मंगलवार के पावन अवसर पर निगोहां कस्बा सहित क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कस्बे स्थित एस एन टी कालेज के अध्यापकों ने कालेज परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया वहीं द्वारिका सोनी शौर्य फिटनेस सेंटर में भी भंडारे का आयोजन किया गया इसके अलावा विश्वकर्मा मंदिर उदयपुर भावा खेड़ा मदापुर में भी हनुमान भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंगलवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा-अर्चना के साथ भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से हनुमान जी की स्तुति करते हुए सुंदरकांड का पाठ किया। हर जगह भंडारे में पूड़ी-सब्जी, एवं शरबत व बूंदी की व्यवस्था की गई थी, जिसे हजारों लोगों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। इसी क्रम में लखनऊ रायबरेली सीमा पर स्थित चुरुवा चौराहे पर प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन एवं सुंदरकांड पाठ का भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां भी सुबह से ही दर्शनार्थियों की लम्बी लम्बी लाइन लगी हुई थी जिसमें बच्चे बूढ़े और जवान एवं महिलाएं शामिल रही। पूरा मंदिर परिसर बजरंगबली की जयकारों से गूंज उठा।
