निगोहां, लखनऊ। निगोहां क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अनंत विजय क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं खेल जगत से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे, जिन्होंने अकादमी की सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार सुनील सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ लेवल-1 क्रिकेट कोच एवं पूर्व एम.एस. धोनी अकादमी के कोच प्रमोद कुमार, फार्मेसी कॉलेज के निदेशक डॉ. आलोक कुमार शुक्ला, एडमिशन हेड अनामिका मौर्य एवं हॉस्टल वार्डन अमित सिंह ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर अकादमी का शुभारंभ किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अनंत विजय क्रिकेट अकादमी की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को एक सशक्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है, जहां वे पेशेवर प्रशिक्षण के माध्यम से अपने खेल कौशल को निखार सकें। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जैसे गुणों को विकसित करने का सशक्त जरिया भी है।संस्थान के चेयरमैन आनंद शेखर सिंह एवं चेयरपर्सन रीना सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि उनका लक्ष्य शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देना है, ताकि क्षेत्र के युवा बेहतर अवसर प्राप्त कर अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि यह अकादमी भविष्य में जिले के खिलाड़ियों को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
अकादमी में खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां अनुभवी कोचों द्वारा नियमित प्रशिक्षण, अभ्यास मैच, ओपन नेट प्रैक्टिस और विशेष फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए तकनीकी एवं मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
खास बात यह है कि अकादमी द्वारा खेलों में बालिकाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। इसके तहत बालिकाओं के लिए पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक बेटियां खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें और आत्मनिर्भर बनें।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की अकादमियां क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य करेंगी और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करेंगी।
