निगोहा, लखनऊ। बाबा जयगुरुदेव के अनुयाई एवं क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय बागेश्वर द्विवेदी की पांचवीं पुण्यतिथि पर निगोहा क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में भावपूर्ण वातावरण के बीच विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव में सराबोर नजर आया।कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी नागेश्वर द्विवेदी, जगदीश द्विवेदी, मनोज द्विवेदी, जयशंकर एवं विजयशंकर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ-साथ किसान, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पहुंचकर स्वर्गीय बागेश्वर द्विवेदी को पुष्प अर्पित कर नमन किया।पुण्यतिथि में आए सम्मानित लोगों ने अपने संबोधन में बागेश्वर द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। वे सदैव जरूरतमंदों के साथ खड़े रहते थे और बिना किसी भेदभाव के लोगों की मदद करना उनकी पहचान थी। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं।पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। खास बात यह रही कि हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी इस पुण्य आयोजन से प्रभावित होकर रुक गए और प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धा व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों और श्रद्धा के माहौल ने सभी को भावुक कर दिया।कार्यक्रम ने न केवल एक महान समाजसेवी को याद करने का अवसर दिया, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।
