निगोहां। लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के बाबुखेड़ा गांव में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब नहाने के लिए बाथरूम में गई एक बुजुर्ग महिला टुल्लू पम्प में उतर रहे करंट की चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार बाबुखेड़ा गांव निवासी रामु ने बताया कि उसकी मां फूलमती (60) गुरुवार दोपहर घर के बाथरूम में नहाने गई थीं। इसी दौरान वहां लगे टुल्लू पम्प में अचानक करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं। घर की महिलाओं ने जब उन्हें बाथरूम के फर्श पर तड़पते देखा तो शोर मचाया। परिजनों ने किसी तरह बिजली का कनेक्शन बंद कर उन्हें करंट से अलग किया और तत्काल इलाज के लिए सीएचसी मोहनलालगंज पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।महिला की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची निगोहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतका फूलमती के पति बिंद्रा प्रसाद की कई वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनके दो बेटे रामु और श्यामू हैं, जो खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दोनों बेटों का विवाह हो चुका है। मां की अचानक मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
