मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विकासखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में गुरुवार को आर्थिक एवं सामाजिक जनगणना की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने की। जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस बैठक में पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सेवकों एवं ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों को जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आर्थिक एवं सामाजिक जनगणना सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही ग्रामीण विकास, आवास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। ऐसे में डेटा संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना अभियान की शुरुआत स्वयं से करें और सबसे पहले अपने परिवार की “ऑनलाइन स्वगणना” प्रक्रिया पूर्ण करें। इससे कर्मचारियों को तकनीकी प्रक्रिया की बेहतर जानकारी होगी और आमजन को भी इस अभियान के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। बीडीओ ने कहा कि कर्मचारी यदि स्वयं इस प्रक्रिया को समझेंगे तो ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भी आसानी से जागरूक और सहयोग के लिए प्रेरित कर सकेंगे।बैठक में जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं, ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मोबाइल एप एवं पोर्टल के उपयोग, डेटा अपलोडिंग और फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों को बताया गया कि घर-घर जाकर सही और तथ्यात्मक जानकारी एकत्र करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।इस दौरान एडीओ पंचायत अशोक यादव और एपीओ उदय राज शर्मा ने कर्मचारियों को फील्ड में कार्य करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, आमजन से संवाद स्थापित करने के तरीके तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों ने कर्मचारियों से समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करने की अपील की।
बैठक में पंचायत सचिव शुभम मिश्रा, शशांक शुक्ला, अभिषेक सिंह, संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बीडीओ आशुतोष कुमार श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत अशोक यादव, एपीओ उदय राज शर्मा सहित सभी कर्मचारियों ने ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भरकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
