चालक मौके से फरार, पुलिस ने शुरू की जांच……
मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। घटना सुबह तड़के की है। हादसे में मकान क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या GJ 01 LT 6747 बंथरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित ज्योतिनगर तिराहे के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे बने मकान से जा टकराया। मकान राजेंद्र पुत्र स्वर्गीय दाताराम निवासी ज्योतिनगर पर स्थित है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टक्कर से मकान को मामूली नुकसान पहुंचा है, जबकि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस ने ट्रक मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है तथा फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बावजूद यातायात सामान्य रूप से चलता रहा।इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि, सुबह ट्रक के अनियंत्रित होकर मकान से टकराने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। यातायात पूरी तरह सुचारु है।
