दुबग्गा इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन से ग्रामीण यात्रियों को मिली बड़ी राहत, अवैध डग्गेमार टैक्सियों पर लगेगी लगाम……
मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज कस्बा स्थित बस स्टॉप पर गुरुवार से दुबग्गा इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू हो गया। लंबे समय बाद बस सेवा दोबारा बहाल होने से क्षेत्रीय लोगों, दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा कर्मचारियों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाली सवारियों में खुशी का माहौल है। बस स्टॉप पर अब रोडवेज बसों की भी नियमित एंट्री होने लगी है, जिससे आवागमन व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से बसों का संचालन बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग मजबूरी में अवैध टैक्सियों और डग्गामार वाहनों का सहारा लेने को विवश थे। ये अवैध टैक्सियां क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां भूसे की तरह भरकर ले जाती थीं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। कई बार ओवरलोडिंग के चलते छोटे-बड़े हादसे भी सामने आते रहे।अब इलेक्ट्रिक सिटी बसों और रोडवेज बसों के संचालन शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सस्ती यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और छात्र-छात्राओं को विशेष राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों से रोजमर्रा शहर आने-जाने वाले लोगों ने इसे प्रशासन की सराहनीय पहल बताया है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बसों के संचालन से बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी और छोटे व्यापारियों को लाभ मिलेगा। यात्रियों का समय और किराया दोनों बचेगा, वहीं लोगों को अब अनियमित और अवैध वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बसों का संचालन नियमित रूप से जारी रखा जाए तथा सुबह और शाम के व्यस्त समय में बसों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि ग्रामीण अंचलों के लोगों को और अधिक सुविधा मिल सके।
