निगोहां।लखनऊ, मोहनलालगंज विकास खण्ड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामदासपुर एवं बेसिक विद्यालय नंदौली में सरल केयर फाउंडेशन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत करीब दो सौ पचास बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को विद्यालय भेजने, नियमित पढ़ाई कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
सरल केयर फाउंडेशन ने पावर विंग फाउंडेशन के सहयोग से “स्कूल चलो अभियान” की शुरुआत करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति लोगों को प्रेरित करने का प्रयास किया। कार्यक्रम में अभिभावकों को समझाया गया कि बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजना बेहद आवश्यक है। शिक्षा ही बच्चों को आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है।कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्कूल हेल्थ ड्राइव” में बच्चों को स्वास्थ्य एवं विशेष रूप से दांतों की देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। लखनऊ स्थित कंचन मुस्कान क्लीनिक की डेंटिस्ट डॉक्टर अदिति शुक्ला ने बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने, दांतों की सफाई रखने और सीमित मात्रा में टूथपेस्ट उपयोग करने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सुबह उठने के बाद और रात में भोजन के बाद नियमित रूप से ब्रश करना आवश्यक है। अधिक मात्रा में टूथपेस्ट लगाने से कोई अतिरिक्त लाभ नहीं होता, बल्कि सही तरीके से दांतों की सफाई करना ज्यादा जरूरी है।सरल केयर फाउंडेशन की अध्यक्ष रीता सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि बच्चे स्वस्थ रहकर मन लगाकर पढ़ाई कर सकें। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय रामदासपुर और बेसिक विद्यालय नंदौली में दो सौ पचास से अधिक बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक किया गया और उन्हें बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विद्यालय रामदासपुर के ग्राम प्रधान राजकुमार पांडेय ने डॉ. अदिति शुक्ला को सम्मानित किया। वहीं बेसिक विद्यालय नंदौली में ग्राम प्रधान रीना सिंह द्वारा शिक्षिका नीलम गौतम को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक आई.पी. सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर गांव के लोगों में उत्साह देखने को मिला।
