बिहार से अफीम तस्करी कर लखनऊ सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय तस्कर को टीम ने किया गिरफ्तार……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स और मोहनलालगंज पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार और झारखंड से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 426 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग आठ लाख पचास हजार रुपये आंकी जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को स्पेशल टास्क फोर्स के मुख्यालय को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बिहार और झारखंड से अवैध मादक पदार्थों की खेप लाकर अपराधियों तक पहुंचाने वाला एक तस्कर मोहनलालगंज क्षेत्र में आने वाला है। सूचना को तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त जांच के जरिए सत्य पाए जाने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्पेशल टास्क फोर्स मुख्यालय धर्मेश कुमार शाही को अवगत कराया गया।इसके बाद निरीक्षक राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स की विशेष टीम गठित की गई। टीम सरकारी वाहन एवं मोटरसाइकिलों से मोहनलालगंज स्थित राधा स्वामी सत्संग आश्रम के पास पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान माधवखेड़ा हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी शुरू कर दी।इसी दौरान काले रंग की टी-शर्ट पहने बैग लिए एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। स्पेशल टास्क फोर्स की टीम व मोहनलालगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम शहीम आलम पुत्र अमाइल शेख निवासी ग्राम नौतनवा, पोस्ट मनियारी, थाना शिकारपुर, जनपद पश्चिमी चंपारण बेतिया बिहार बताया।तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से कुल एक किलो 426 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। एसटीएफ के अनुसार बरामद अफीम अंतरराज्यीय स्तर पर सप्लाई की जानी थी। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ टीम ने आरोपी को मोहनलालगंज पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि स्पेशल टास्क फोर्स टीम व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह किन-किन लोगों को अफीम की सप्लाई करता था तथा उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।वहीं एसीपी विकास पांडेय ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसटीएफ और मोहनलालगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह बड़ी सफलता मिली है। आरोपी के नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन और अन्य सहयोगियों की गहनता से जांच की जा रही है। अवैध नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस तस्कर की गिरफ्तारी के लिए मुख्य रूप से टीम में उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र पाल, मुख्य आरक्षी रामनिवास शुक्ल, राजीव कुमार, श्रीराम सिंह, आरक्षी अमित त्रिपाठी, अमर श्रीवास्तव तथा चालक नागेश मिश्र शामिल रहे।
